संवाद-2026 में आदिवासी विरासत, परंपरा और भविष्य की आकांक्षाओं पर मंथन, 14 राज्यों के प्रतिभागियों ने साझा किए अनुभव
तीसरे दिन पारंपरिक चिकित्सा, हस्तशिल्प, सिनेमा, खान-पान और आदिवासी संगीत पर हुए विशेष कार्यक्रम; 13 सामुदायिक शोध प्रस्तावों की दी गई प्रस्तुति
पूर्वी सिंहभूम: टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से आयोजित संवाद-2026 के तीसरे दिन आदिवासी समुदायों की विरासत, सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक ज्ञान और भविष्य की आकांक्षाओं पर व्यापक चर्चा हुई। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आदिवासी परंपराओं को संरक्षित रखने और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया गया।
तीसरे दिन के आयोजनों में सामुदायिक ज्ञान, पारंपरिक चिकित्सा, हस्तशिल्प, सिनेमा, खान-पान, संगीत और शोध जैसे विषय प्रमुख रहे। कार्यक्रमों का समापन मंगलवार देर रात हुआ।
13 शोध प्रस्तावों में आदिवासी विरासत के संरक्षण पर जोर
संवाद फेलोशिप-2026 के प्रस्तुतीकरण सत्र में समुदाय आधारित 13 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। इनमें आदिवासी विरासत के दस्तावेजीकरण, मौखिक परंपराओं, अनुष्ठानों, पारंपरिक बुनाई, पूर्वजों की स्मृतियों और डिजिटल अभिलेखों के जरिए सांस्कृतिक ज्ञान को संरक्षित करने पर जोर दिया गया।
कोंडा रेड्डी, उरांव, खासी, भील तड़वी और वेलिप सहित विभिन्न आदिवासी समुदायों के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किए।
14 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों ने साझा किया पारंपरिक चिकित्सा का ज्ञान
पारंपरिक चिकित्सा पर आयोजित विशेष सत्र में 14 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान 21 समूहों ने औषधीय पौधों, पूर्वजों से मिले उपचार संबंधी ज्ञान और प्रकृति व समुदाय के आपसी संबंधों पर विचार रखे।
चर्चा में पारंपरिक चिकित्सा के ज्ञान संरक्षकों को सम्मान देने, मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और इस ज्ञान के नैतिक उपयोग की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
फिल्मों के जरिए सामने आई आदिवासी पहचान और संस्कृति
‘समुदाय के साथ’ कार्यक्रम के तहत फिल्मों के माध्यम से आदिवासी पहचान, स्मृतियों और जीवनशैली को समझने का प्रयास किया गया। इस दौरान ‘धोरोंम’, ‘द ट्रेल ऑफ फागुन’, ‘काशोपापु’, ‘ओरना-इन सर्च ऑफ आदिवासी वुमेन ट्रेडिशनल हीलर’ और ‘जमुना टुडू-द लेडी टार्जन’ जैसी फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।
फिल्मकारों के साथ आयोजित संवाद में आदिवासी दृष्टिकोण पर आधारित सिनेमा की संभावनाओं और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के महत्व पर चर्चा हुई।
आदिवासी शासन व्यवस्था, पर्यावरण और खान-पान पर चर्चा
‘अखड़ा’ सत्र में आदिवासी शासन व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण, भाषा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े मुद्दे उठाए गए। वहीं मेघालय, नगालैंड और गुजरात के प्रतिभागियों ने अपने पारंपरिक खान-पान, स्थानीय खाद्य सामग्री और भोजन से जुड़ी सांस्कृतिक मान्यताओं को साझा किया।
‘रिदम्स ऑफ द अर्थ’ में गूंजे आदिवासी संगीत के स्वर
शाम को आयोजित ‘रिदम्स ऑफ द अर्थ’ कार्यक्रम में 11 आदिवासी संगीत प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों में प्रकृति, जंगल, पूर्वजों की स्मृतियों, सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं के संरक्षण की झलक देखने को मिली।
विरासत केवल अतीत नहीं, वर्तमान जीवन का हिस्सा : सौरव राय
टाटा स्टील फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरव राय ने कहा कि संवाद के दौरान सामने आने वाले अनुभव यह समझने का अवसर देते हैं कि विभिन्न समुदाय अपनी विरासत को किस तरह जीते हैं और बदलते समय के साथ उसे आगे बढ़ाते हैं।
उन्होंने कहा कि विरासत केवल अतीत की धरोहर नहीं, बल्कि वर्तमान जीवन का अभिन्न हिस्सा है। समुदाय अपनी परंपराओं और अनुभवों के आधार पर नई पीढ़ियों के लिए भविष्य की राह तैयार करते हैं।
उल्लेखनीय है कि संवाद-2026 का आयोजन 19 नवंबर तक जारी रहेगा।
