रांची

त्योहारों को लेकर अलर्ट मोड में रांची प्रशासन, DC बोले- ड्रोन से होगी निगरानी, सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी नजर

प्रशासन

Ranchi : आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व को देखते हुए जिले में विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश पर डीसी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसएसपी राकेश रंजन, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राजेश्वरनाथ आलोक समेत कई अधिकारी मौजूद थे। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने स्पष्ट कहा कि सीएम के निर्देशों का पूरी सख्ती से पालन किया जाए और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखी जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने का निर्देश दिया।

संवेदनशील इलाकों पर खास नजर

प्रशासन ने शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों की पहचान करने और वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए हैं। ईद के दौरान सभी ईदगाहों और नमाज स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। नगर निगम को साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

जुलूस मार्ग का होगा सत्यापन

सरहुल और रामनवमी के दौरान निकलने वाली शोभायात्राओं को लेकर प्रशासन विशेष सतर्क है। सभी जुलूस मार्गों का फिजिकल वेरिफिकेशन करने और रास्ते की बाधाएं पहले ही हटाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष प्लान बनाने को कहा गया है। प्रशासन ने पूजा समितियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, झंडों और झांकियों की ऊंचाई तय मानकों के अनुसार रखें और बाइक रैली से बचें।

ड्रोन से निगरानी, सोशल मीडिया पर कड़ी नजर

भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। किसी भी भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साइबर सेल को लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर अपील

प्रशासन ने अभिभावकों से खास अपील की है कि वे अपने बच्चों के पॉकेट में मोबाइल नंबर लिखकर रखें, ताकि भीड़ में बिछड़ने पर उन्हें आसानी से मिलाया जा सके। डीसी ने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही आम लोगों से भी सहयोग और भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *