खेल

एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप के लिए झारखंड के 6 खिलाड़ी चयनित

रांची: Jharkhand Bowling Association द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 17वीं एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप के लिए झारखंड के 6 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित चयन ट्रायल में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।

चयन ट्रायल में पूरे देश से खिलाड़ियों ने भाग लिया था। पुरुष वर्ग में दिनेश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सुनील बहादुर दूसरे स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में रूपा रानी तिर्की ने शीर्ष स्थान हासिल किया और रेशमा कुमारी ने दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

अंडर-25 आयु वर्ग में भी झारखंड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में सौरभ कुमार और बालिका वर्ग में बसंती कुमारी ने शानदार खेल दिखाते हुए चयन सुनिश्चित किया।

यह चैंपियनशिप 5 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होगी। इसके लिए 10 सदस्यीय भारतीय टीम का गठन किया गया है, जिसमें झारखंड से सीनियर वर्ग में 4 खिलाड़ी और अंडर-25 वर्ग में 2 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।

चयनित खिलाड़ियों में दिनेश कुमार, सुनील बहादुर, आलोक लकड़ा (रिजर्व), रूपा रानी तिर्की, रेशमा कुमारी, सौरभ कुमार और बसंती कुमारी शामिल हैं। सभी खिलाड़ी 26 मार्च 2026 को नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

इस उपलब्धि पर राज्य के खेल मंत्री सहित खेल जगत के कई पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह झारखंड के लिए गर्व का क्षण है और आने वाले समय में राज्य के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *