झारखंड पुलिस ने मैदान में दिखाया दम, हौसला बढ़ा गये सीएम हेमंत सोरेन

Ranchi : रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 मैदान में 17वीं झारखंड पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का समापन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुआ। समारोह में सीएम हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में विजेता और उपविजेता रहे पुलिस जवानों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि झारखंड पुलिस के जवान न सिर्फ राज्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, बल्कि खेलों में भी शानदार प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं।

सीएम ने कहा कि खेलों में हिस्सा लेना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है। जीत और हार तो चलती रहती है, लेकिन लगातार अभ्यास और भागीदारी से सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए आगे भी खेलों में सक्रिय रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल शरीर को फिट और स्वस्थ रखने का सबसे अच्छा माध्यम है। इसी कारण झारखंड पुलिस द्वारा जवानों के लिए नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन एक सराहनीय पहल है।
समापन समारोह में गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा, एडीजी प्रिया दुबे समेत कई आला पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

