Home

शिबू सोरेन के निधन पर राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता रद्द की, प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं ने जताया शोक


रांची/नई दिल्ली, 5 अगस्त। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन पर देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुखद समाचार के बाद कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को प्रस्तावित अपनी प्रेस वार्ता रद्द कर दी। साथ ही उन्होंने और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गहरा शोक व्यक्त किया।

राहुल गांधी ने शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर लिखा—

“झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और JMM के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन जी के निधन का समाचार सुनकर गहरा दुख हुआ। आदिवासी समाज की मजबूत आवाज़, सोरेन जी ने उनके हक़ और अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। झारखंड के निर्माण में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा। हेमंत सोरेन जी और पूरे सोरेन परिवार के साथ-साथ गुरुजी के सभी समर्थकों को गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”

प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी सोशल मीडिया पर अपना शोक संदेश साझा करते हुए लिखा—

“झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन जी के देहांत का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर उन्हें श्रीचरणों में स्थान दें। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन एवं समस्त परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। शिबू सोरेन जी आदिवासी, दलित एवं वंचित वर्गों की आवाज थे। उनका योगदान सदैव स्मरणीय एवं प्रेरणादायक रहेगा।”

गौरतलब है कि शिबू सोरेन का रविवार देर रात दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन के बाद झारखंड सरकार ने दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उनका पार्थिव शरीर सोमवार शाम रांची लाया जाएगा और मंगलवार को बोकारो जिले के नेमरा गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

शिबू सोरेन, जिन्हें झारखंड में ‘दिशोम गुरु’ के नाम से जाना जाता है, ने अपने राजनीतिक जीवन में आदिवासी अधिकारों, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और झारखंड राज्य की स्थापना के लिए संघर्ष किया। उनका जाना झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *