Home

दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर आज शाम 5 बजे रांची पहुंचेगा, अंतिम संस्कार कल नेमरा में


रांची, 4 अगस्त । झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के प्रणेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर आज शाम 6 बजे नयी दिल्ली से रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेगा। उनका निधन शनिवार को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में हुआ था। वे 81 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

राज्य सरकार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट पहुंचने के बाद शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को सीधे मोराबादी स्थित मुख्यमंत्री आवास ले जाया जाएगा। वहां आम जनता को उनके अंतिम दर्शन की अनुमति दी जाएगी। हजारों की संख्या में उनके समर्थक, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे।

अंतिम यात्रा कल सुबह, नेमरा में होगा अंतिम संस्कार

मंगलवार, 5 अगस्त को सुबह, दिशोम गुरु की अंतिम यात्रा मोराबादी आवास से रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित उनके पैतृक गांव नेमरा के लिए रवाना होगी। अंतिम संस्कार नेमरा गांव में ही राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। सरकार ने पूरे कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।

राज्य सरकार ने दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान सरकारी भवनों पर झंडे आधे झुके रहेंगे और कोई शासकीय उत्सव आयोजित नहीं किया जाएगा।

शिबू सोरेन के निधन से राज्य भर में शोक की लहर दौड़ गई है। राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े लोगों का लगातार मोराबादी स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आना-जाना लगा हुआ है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जो उनके पुत्र भी हैं, स्वयं सारे कार्यक्रमों की निगरानी कर रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *