रामगढ़ के प्रभात कुमार महतो का कोल सी.के. नायडू मेंस अंडर-23 टूर्नामेंट के लिए चयन
रांची : गुजरात के वडोदरा में 2 नवंबर 2025 से शुरू हो रहे कोल सी.के. नायडू मेंस अंडर-23 डे टूर्नामेंट के लिए बूटी क्रिकेट क्लब, रांची के प्रतिभावान खिलाड़ी प्रभात कुमार महतो का चयन किया गया है।
प्रभात कुमार महतो रांची जिले के अंगड़ा के ग्रामीण क्षेत्र से आते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और क्रिकेट के प्रति जुनून के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनके कोच पंचीत महतो के मार्गदर्शन और लगातार प्रोत्साहन ने प्रभात की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रभात कुमार महतो वर्तमान में रामगढ़ जिला टीम से खेलते हैं। उनकी इस उपलब्धि पर रामगढ़ जिला क्रिकेट संघ के सचिव अरुण रॉय और कोच पंचीत महतो ने उन्हें मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस सफलता की खबर मिलते ही बूटी क्रिकेट क्लब के सभी खिलाड़ियों और सहयोगियों में खुशी की लहर दौड़ गई। क्लब के सदस्यों ने प्रभात की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने यह साबित किया है कि “मेहनत ही सफलता की कुंजी है।”
प्रभात कुमार महतो की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और कोच के लिए गौरव की बात है, बल्कि झारखंड क्रिकेट जगत के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
