खेलरांची

हजारों खिलाड़ी बने ‘खेलो झारखंड’ स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता के शुभारंभ के गवाह


“राज्य के खिलाड़ियों को एक सशक्त मंच देना विभाग का सतत प्रयास है” — शशि रंजन
“अब खेल से नाम, सम्मान और करियर सब संभव है” — शेखर जमुआर
“एथलेटिक्स अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वास्थ्य का प्रतीक है” — धीरसेन ए. सोरेंग

रांची : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आज बिरसा मुंडा स्टेडियम, मोराबादी, रांची में भव्य शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री शशि रंजन, निदेशक, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, तथा विशिष्ट अतिथि श्री शेखर जमुआर, निदेशक, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं गुब्बारा उड़ाकर किया गया। उनके साथ मंच पर शिवेंद्र नाथ दुबे (कोषाध्यक्ष, झारखंड ओलंपिक संघ), नवीन कुमार झा (मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी, जेएसएसपीएस), चंद्रदेव सिंह (अध्यक्ष, झारखंड एथलेटिक्स संघ), शिवकुमार पांडे (सचिव, झारखंड एथलेटिक्स संघ), अनवर हुसैन (टेक्निकल चेयरमैन, एथलेटिक्स संघ), गिरीश मिश्रा (ब्रांच लेवल टेक्निकल ऑफिसर), पुष्पा हस्सा (जेएसएसपीएस, रांची) और प्रभाकर वर्मा (सचिव, रांची एथलेटिक्स संघ) उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कांके की छात्राओं ने आकर्षक बैंड प्रस्तुति दी, जिसने सभी उपस्थितों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्य अतिथि शशि रंजन ने कहा कि विभाग का सतत प्रयास है कि राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक मजबूत मंच मिले। उन्होंने कहा, “खिलाड़ियों को केवल पदक तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि खेल को करियर के रूप में अपनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।”

विशिष्ट अतिथि शेखर जमुआर ने कहा कि अब खेल को गंभीरता से लिया जा रहा है और आज के खिलाड़ी खेल के माध्यम से नाम, सम्मान और करियर—तीनों हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि एथलेटिक्स सभी खेलों की जननी है और यह अनुशासन, आत्मविश्वास तथा स्वास्थ्य का प्रतीक है।

प्रतियोगिता के पहले दिन ट्रैक और फील्ड दोनों वर्गों की कई स्पर्धाएं आयोजित हुईं।

  • अंडर-19 बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में नेहा कुमारी (हजारीबाग) प्रथम, किरांती कुमारी (जेएसएसपीएस) द्वितीय, और जैकलिन (बोकारो) तृतीय रहीं।
  • बालक वर्ग में आकाशदीप किंडो (गुमला) प्रथम, अमित कुमार महतो (जेएसएसपीएस) द्वितीय और सुखराम एक्का (रांची) तृतीय स्थान पर रहे।
  • अंडर-17 बालिका वर्ग में अनुपा उरांव (लातेहार) ने प्रथम, तनीषा कुमारी (जेएसएसपीएस) ने द्वितीय और किरण कुमारी (धनबाद) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
  • बालक वर्ग में सुभाष उरांव (गुमला) प्रथम, लक्की उरांव (हजारीबाग) द्वितीय और विंदुराम पूर्ति (पश्चिम सिंहभूम) तृतीय स्थान पर रहे।
  • अंडर-14 बालिका वर्ग शॉट पुट में कांति कुमारी (हजारीबाग) प्रथम, सुगंती उरांव (चतरा) द्वितीय और संजीता कुमारी (लातेहार) तृतीय रहीं।
  • बालक शॉट पुट में प्रत्यय पांडे (पलामू) प्रथम, शनि राज (साहिबगंज) द्वितीय और आवेश राज अंसारी (गिरिडीह) तृतीय स्थान पर रहे।
  • हाई जंप बालिका वर्ग में आरती रानी कुजूर (लातेहार) प्रथम, प्रभा बांगरा (खूंटी) द्वितीय और पूनम असुर (लोहरदगा) तृतीय रहीं।
  • बालक वर्ग हाई जंप में राजू बसेरा (दुमका) प्रथम, आयुष कुमार (हजारीबाग) द्वितीय और सक्षम कुमार (साहिबगंज) तृतीय स्थान पर रहे।

इस प्रतियोगिता में लगभग 2500 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों से हैं। पहली बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे इन युवा खिलाड़ियों का जोश और उमंग देखने योग्य रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *