हजारीबाग

गौशाला में धूमधाम से संपन्न हुआ गोपाष्टमी मेला

हजारीबाग, 30 अक्टूबर । शहर से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित कोलकाता पिंजरापोल सोसाइटी की ओर से संचालित गौशाला परिसर में गुरुवार को गोपाष्टमी पर्व के अवसर पर एक भव्य मेले का आयोजन किया गया।

हल्की रिमझिम बारिश के बावजूद सुबह से ही श्रद्धालुओं और गौभक्तों की भीड़ गौशाला परिसर में उमड़ पड़ी। वातावरण में जय गौ माता के जयघोष गूंज रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत राधा-कृष्ण मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद शहर के गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया।

उद्घाटन के बाद उपस्थित भक्तों ने गौमाता को चोकर, गुड़, रोटी सहित अन्य सामग्री खिलाकर गौसेवा का पुण्य प्राप्त किया। गौशाला परिसर को इस अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया था। रंगीन झालरों, फूलों की मालाओं से सजे गौशाला परिसर की रौनक देखते ही बनती थी। भक्तजन पूरे भाव से गौमाता की परिक्रमा करते हुए भक्ति और सेवा में लीन दिखाई दिए। कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी संयोजक बजरंग अग्रवाल को दी गई थी। उनके नेतृत्व में पूरी टीम ने महीनों की तैयारी के बाद इस आयोजन को भव्य रूप प्रदान किया।

मेले में शामिल होने आए अतिथियों का स्वागत गौशाला समिति के पदाधिकारियों ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंटकर किया। गोपाष्टमी मेले में झारखंडी और भारतीय पारंपरिक व्यंजनों के अनेक स्टॉल लगाए गए थे। लोगों ने यहां जलेबी, चाऊमीन और अन्य व्यंजनों का आनंद लिया। बच्चों और युवाओं के लिए खेलकूद, झूले, गुब्बारे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था थी, जिससे पूरा वातावरण उल्लासमय बना रहा।

शहर के महेश सोनी चौक से गौशाला समिति ने निःशुल्क बस सेवा की व्यवस्था की थी, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु परिवार सहित इस आयोजन में सम्मिलित हो सकें। दिनभर गौशाला परिसर में परिवारों ने गौसेवा, पूजा-अर्चना और मेला मय वातावरण का भरपूर आनंद उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *