राष्ट्रीय स्कूली एथलेटिक्स में झारखंड की पूनम कुमारी ने जीता कांस्य पदक
400 मीटर दौड़ में 55.66 सेकंड का शानदार रिकॉर्ड, राज्य को मिला पहला पदक
रांची/भिवानी: 69वीं राष्ट्रीय स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड की उभरती धाविका पूनम कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य को पहला पदक दिलाया है। हरियाणा के भिवानी स्थित भीम स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में 400 मीटर दौड़ के फाइनल में पूनम ने 55.66 सेकंड का समय दर्ज करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 30 नवंबर 2025 तक किया जा रहा है, जिसमें झारखंड की अंडर–19 बालक एवं बालिका टीम स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार तथा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में भाग ले रही है। झारखंड स्कूली एथलेटिक्स दल प्रतियोगिता में कोच व मैनेजर ज्ञान प्रकाश, हिमाद्री मुर्मू और सिद्धू किस्कू के नेतृत्व में उतरा है।
पूनम की इस शानदार उपलब्धि पर माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव श्री उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी श्री सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग तथा राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
पदक जीतने के साथ ही पूनम कुमारी ने झारखंड का परचम एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर मजबूती से लहराया है। राज्य के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है और आने वाले इवेंट्स में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
