रांची

दलालों का दरवाजा बंद करना होगा : “गलत काम करने वाला कोई नहीं बचेगा, जेल की हवा खाएगा” – CM हेमंत सोरेन

Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य से दलालों की भूमिका खत्म करना आवश्यक है। कुछ दलाल जनता की तरफ से पैदा होते हैं और कुछ विभागीय पदाधिकारियों द्वारा। सरकार ऐसे सभी दलालों को उखाड़ फेंकने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “कार्यव्यवस्था पर अब कड़ी नजर रखी जाएगी। जो गलत करेगा, वह बच नहीं पाएगा। जेल की हवा खानी पड़ेगी।”

मुख्यमंत्री गुरुवार को शहीद सोबरन सोरेन के 68वें शहादत दिवस पर लुकैयाटांड़ में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।


“सरकारी काम समय पर न हुआ तो पदाधिकारी को दंड”

सीएम ने कहा कि सरकार की योजनाओं और कार्यों की जानकारी अब हर घर तक पहुंचाई जाएगी। जाति, आय, मृत्यु प्रमाण पत्र, दाखिल–खारिज, जमीन की मापी जैसे काम निर्धारित समय में पूरे करने होंगे।

उन्होंने कहा,
“समय पर काम नहीं हुआ तो संबंधित पदाधिकारी को दंड मिलेगा। यह गांव की सरकार है और हर काम समयसीमा में पूरा होना चाहिए।”

आने वाले दिनों में राज्य की सभी कार्य प्रणालियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
28 नवंबर को सरकार का एक वर्ष पूरा हो रहा है और इसी अवसर पर 10 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी देने की तैयारी है।
“नौकरी भी होगी, स्वरोजगार भी पैदा होगा,” सीएम ने कहा।


“आंख, कान और नाक – हर गांव में होगा सिस्टम”

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी भी कई लोग अपने बीडीओ, सीओ, एसपी, डीएसपी को पहचानते नहीं हैं। आने वाले पाँच वर्षों में यह स्थिति बदलेगी।
उन्होंने कहा कि यह पूरा वर्ष दिशोंम गुरु शिबू सोरेन को समर्पित है।


“युवा हो चुका है झारखंड, कंधे मजबूत करने की जरूरत”

सीएम ने कहा कि झारखंड अब युवा हो चुका है।
“नौजवानों को अपने कंधे मजबूत करने होंगे। नेतृत्वकर्ताओं के सपनों को पूरा करने का समय आ गया है।”

उन्होंने कहा कि झारखंड के अधिकतर लोग खेतीबाड़ी पर निर्भर हैं और अब आवश्यकता है कि किसान अपनी मेहनत से अपने परिवार का सम्मानपूर्वक पालनपोषण कर सकें।

उन्होंने बताया कि
“सवा तीन करोड़ आबादी में से आधी जनसंख्या को अपने पैरों पर खड़ा करने का काम चल रहा है। महिलाएँ तेजी से आगे बढ़ रही हैं। नौजवानों के लिए अलगअलग योजनाएं तैयार की जा रही हैं।”


“दिल्ली, मुंबई और गुजरात से बेहतर बनेगा झारखंड”

मुख्यमंत्री ने संकल्प लेते हुए कहा कि “अगले 50 वर्षों में झारखंड को दिल्ली, मुंबई और गुजरात से बेहतर बनाना है।”

उन्होंने कहा कि झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों ने अनेक वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने जल–जंगल–जमीन की लड़ाई लड़ते हुए इतिहास रचा।
कई वीरों को सामंती ताकतों ने प्रताड़ित किया, कैद किया या फांसी दे दी, फिर भी उन्होंने संघर्ष जारी रखा।

सीएम ने कहा कि दिशोंम गुरु शिबू सोरेन के निधन से एक युग का अंत हुआ है, लेकिन अब आगे की लड़ाई जनता और युवाओं को मिलकर लड़नी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *