सरला बिरला यूनिवर्सिटी में 19-20 अगस्त को होगा ‘पिक्सल स्पंदन’, विश्व फोटोग्राफी दिवस पर दो दिवसीय आयोजन

रांची, 30 जुलाई। विश्व फोटोग्राफी दिवस-2026 के अवसर पर सरला बिरला यूनिवर्सिटी (एसबीयू) के फैकल्टी ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन एवं शटरबग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले दो दिवसीय विशेष फोटोग्राफी इवेंट ‘पिक्सल स्पंदन’ का पोस्टर गुरुवार को लॉन्च किया गया। “Eyes Behind the Lens, Heart Behind the Shutter” थीम पर आधारित यह आयोजन 19 और 20 अगस्त 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगा।
पोस्टर का विमोचन विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक और कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने संयुक्त रूप से किया।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आयोजन के दौरान फोटोग्राफी इंडस्ट्री के अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा सेमिनार, वर्कशॉप और इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों को प्रेस, प्रोफेशनल और फ्रीलांस फोटोग्राफी से जुड़ी तकनीकों की जानकारी के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
तीन विषयों पर होगी फोटोग्राफी प्रतियोगिता
आयोजन के तहत नेचर, ट्राइबल कल्चर और अपनी रांची विषयों पर फोटोग्राफी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 1 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक (शाम 5 बजे तक) किया जा सकेगा।
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों और फोटोग्राफी के शौकीनों से बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की है।
पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम में रजिस्ट्रार एस.बी. डांडीन, फैकल्टी ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन के डीन अजय कुमार, विभागाध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार, प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस अजय कुकरेती, डॉ. नंदिनी सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के डीन, डिप्टी रजिस्ट्रार और फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।
