Home

आम आदमी को झटका:पेट्रोल 3 रुपये और डीजल भी हुआ महंगा

नई दिल्ली : लंबे समय से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में स्थिरता बनी हुई थी, लेकिन अब आम जनता को महंगाई का झटका लगा है। वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर भारत में भी दिखाई देने लगा है। पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम बढ़ा दिए गए हैं, जिससे आने वाले दिनों में लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ सकता है।

नई कीमतों के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। यानी दोनों ईंधनों की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।

बड़े शहरों में भी बढ़े दाम

दिल्ली के अलावा देश के अन्य महानगरों में भी पेट्रोल-डीजल महंगा हो गया है। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 108.74 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। मुंबई में पेट्रोल 106.68 रुपये और चेन्नई में 103.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

डीजल की बात करें तो कोलकाता में इसकी कीमत 95.13 रुपये प्रति लीटर हो गई है। मुंबई में डीजल 93.14 रुपये और चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। अलग-अलग शहरों में करीब 2.83 रुपये से 3.29 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

आखिर क्यों बढ़े दाम?

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इस बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में तेजी मानी जा रही है। वेस्ट एशिया में जारी तनाव के कारण तेल सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है, जिससे वैश्विक बाजार प्रभावित हुआ है।

भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है। ऐसे में जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल महंगा होता है, तो उसका सीधा असर घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर पड़ता है।

अप्रैल 2022 के बाद पहली बड़ी बढ़ोतरी

अप्रैल 2022 के बाद पहली बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इतनी बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली है। उस समय रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण वैश्विक तेल बाजार में भारी उतार-चढ़ाव आया था। इसके बावजूद सरकारी तेल कंपनियों ने लंबे समय तक कीमतों को स्थिर बनाए रखा।

हालांकि मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले आम जनता को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी। इसके बाद अब यह पहली बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *