पलामू वॉरियर्स ने कोल्हान डायनामोज को हराकर जीता झारखंड वूमेन्स प्रीमियर लीग का खिताब
रांची, 7 जून 2026। झारखंड वूमेन्स प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले में पलामू वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोल्हान डायनामोज को 43 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पलामू वॉरियर्स की टीम ने 19.4 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 143 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोल्हान डायनामोज की पूरी टीम 16.4 ओवरों में 100 रन पर सिमट गई और पलामू वॉरियर्स ने मुकाबला 43 रनों से जीत लिया।
फाइनल मुकाबले में विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए गए। मोमेंट्स बेस्ट इकॉनमी बॉलर अवॉर्ड पलामू वॉरियर्स की आरती कुमारी को दिया गया। मोमेंट्स सर्वाधिक छक्के का पुरस्कार चांदमुनी पूर्ति को मिला, जबकि मोमेंट्स प्लेयर ऑफ द मैच का सम्मान आकांक्षा टोप्पो को प्रदान किया गया।
टूर्नामेंट के समापन अवसर पर रेवोल्यूशन नेशन वाइड एंटरटेनमेंट बेस्ट बॉलर अवॉर्ड ममता पासवान को, रेवोल्यूशन नेशन वाइड एंटरटेनमेंट बेस्ट बैटर अवॉर्ड चांदमुनी पूर्ति को तथा बेस्ट फील्डर अवॉर्ड प्राची प्रधान को दिया गया। वहीं द काया प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का प्रतिष्ठित पुरस्कार दुर्गा मुर्मू को प्रदान किया गया।
विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कारों का वितरण जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव तथा सचिव सौरभ तिवारी के कर-कमलों द्वारा किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में जेएससीए के संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम, पूर्व अध्यक्ष संजय सहाय, पूर्व उपाध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, पूर्व संयुक्त सचिव पी. एन. सिंह, समिति सदस्य मिहिर प्रीतिश टोपनो, संजय जैन, रमेश कुमार सहित जेएससीए के अनेक आजीवन सदस्य उपस्थित रहे।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन तथा खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की खेल प्रेमियों एवं क्रिकेट जगत के प्रतिनिधियों ने सराहना की।
