Home

झारखंड के लाल अनूप कुमार ने रचा इतिहास, U-17 राष्ट्रीय रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक

रांची/गोंडा, 7 जून 2026। झारखंड के उभरते हुए पहलवान अनूप कुमार ने उत्तर प्रदेश के नंदनी नगर, गोंडा में आयोजित अंडर-17 सब जूनियर राष्ट्रीय रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया है।

JSSPS के प्रशिक्षु अनूप कुमार ने 45 किलोग्राम ग्रीको-रोमन वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को तकनीकी श्रेष्ठता (Technical Superiority) के आधार पर पराजित किया। फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने दमदार तकनीक और बेहतरीन कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

झारखंड कुश्ती संघ, खेल विभाग एवं JSSPS में खुशी की लहर

अनूप की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर झारखंड राज्य कुश्ती संघ, झारखंड खेल विभाग तथा JSSPS में खुशी का माहौल है। सभी पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

झारखंड राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष जीशान कमर (भा.प्र.से.), अभिभावक के. रवि कुमार (भा.प्र.से.), खेल निदेशक छवि रंजन, मार्गदर्शक भोलानाथ सिंह, महासचिव रजनीश कुमार, बिजय शंकर सिंह, कोषाध्यक्ष बबलू कुमार सहित सभी जिला कुश्ती संघों के अध्यक्ष, सचिव एवं संपूर्ण झारखंड कुश्ती परिवार ने अनूप को बधाई दी है।

महासचिव रजनीश कुमार ने दी शुभकामनाएं

झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार ने कहा कि अनूप की यह जीत झारखंड में कुश्ती के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने कहा, “ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना आसान नहीं होता। यह अनूप की कड़ी मेहनत, उसके प्रशिक्षकों के समर्पण और माता-पिता के सहयोग का परिणाम है। हमें विश्वास है कि वह भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेगा और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।”

अनूप कुमार की इस उपलब्धि से राज्य के युवा पहलवानों का उत्साह बढ़ा है। झारखंड सरकार एवं राज्य कुश्ती संघ द्वारा जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयासों का यह एक सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है।

— झारखंड राज्य कुश्ती संघ, रांची

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *