ग्रामीण के कंधे पर बैठकर नदी पार कर रहे विधायक नरेश सिंह बीच धारा में गिरे, वीडियो वायरल
पलामू के घासीदाग गांव जाने के दौरान हुई घटना, ग्रामीण का भी बिगड़ा संतुलन; पुल नहीं होने से लंबे समय से परेशानी झेल रहे हैं पंचायत के लोग
पलामू। झारखंड के पलामू जिले में विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के राजद विधायक नरेश प्रसाद सिंह को ग्रामीण के कंधे पर बैठकर नदी पार करना भारी पड़ गया। बीच धारा में संतुलन बिगड़ने से विधायक और ग्रामीण दोनों नदी में गिर पड़े। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, विधायक नरेश प्रसाद सिंह विश्रामपुर प्रखंड की घासीदाग पंचायत स्थित घासीदाग गांव में आयोजित एक धार्मिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। गांव तक पहुंचने के लिए उन्हें धुरिया नदी पार करनी थी। नदी में पानी होने के कारण उन्होंने पैदल नदी पार करने के बजाय एक ग्रामीण के कंधे पर बैठकर दूसरी ओर जाने का फैसला किया। इसी दौरान नदी के बीच में ग्रामीण का संतुलन बिगड़ गया और दोनों पानी में गिर पड़े।
बारिश में मुख्य मार्ग से कट जाता है घासीदाग पंचायत
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घासीदाग पंचायत बारिश के दिनों में मुख्य मार्ग से कट जाती है। यह इलाका चारों ओर से नदियों से घिरा हुआ है। गांव तक पहुंचने के लिए लोगों को नदी पार करनी पड़ती है। ग्रामीण लंबे समय से यहां पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं।
पंचायत की मुखिया अंजू देवी ने भी पुल नहीं होने से ग्रामीणों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि इस समस्या को लेकर ग्रामीण लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है।
बसपा नेता ने विधायक पर साधा निशाना
घटना के बाद विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी के नेता राहुल दुबे ने विधायक की भूमिका पर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में ग्रामीणों को इलाज जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए भी परेशानी उठानी पड़ती है।
राहुल दुबे ने आरोप लगाया कि विधायक को क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए दो साल से अधिक समय हो गया है, लेकिन अब तक क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि जनता की परेशानी दूर करने के बजाय विधायक एक दलित ग्रामीण के कंधे पर बैठकर नदी पार करने की कोशिश कर रहे थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने सरकार को घेरा
भाजपा पलामू के जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने भी इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्गों के कल्याण की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर इन समुदायों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
अमित तिवारी ने निशा भगत मौत मामले का जिक्र करते हुए कहा कि घासीदाग की घटना सरकार की संवेदनहीनता को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।
पुल निर्माण की मांग फिर चर्चा में
विधायक के नदी में गिरने की घटना के बाद घासीदाग पंचायत में पुल निर्माण का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है। ग्रामीणों की मांग है कि नदी पर पुल बनाया जाए, ताकि बारिश के दिनों में आवागमन बाधित न हो और लोगों को इलाज, शिक्षा तथा अन्य जरूरी कामों के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़े।
