Home

निशा भगत के परिजनों से मिलीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष, न्याय का दिलाया भरोसा

विजया राहटकर बोलीं- सीबीआई जांच की अनुशंसा से सरकार की जिम्मेदारी खत्म नहीं होती, महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन को उठाने होंगे सख्त कदम

गुमला। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर बुधवार को गुमला पहुंचीं। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता स्वर्गीय निशा भगत के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है।

सीबीआई जांच की अनुशंसा के बाद भी सरकार की जिम्मेदारी बरकरार

निशा भगत मामले में राज्य सरकार की ओर से सीबीआई जांच की अनुशंसा का स्वागत करते हुए विजया राहटकर ने कहा कि केवल जांच की अनुशंसा कर देना सरकार की जिम्मेदारी पूरी होने के लिए पर्याप्त नहीं है। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना भी सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध और उत्पीड़न के मामलों में पुलिस तथा प्रशासन को प्रभावी और सख्त कदम उठाने होंगे। पीड़ित परिवारों को समय पर न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

डीजीपी से पहले ही ले चुकी हैं मामले की जानकारी

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पहले ही झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा से जानकारी ली थी। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा था।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ करेंगी बैठक

विजया राहटकर ने बताया कि रांची पहुंचने के बाद वह पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। बैठक में महिलाओं से जुड़े मामलों में अब तक हुई कार्रवाई, जांच की स्थिति और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। प्रशासन की प्राथमिकता पीड़ितों और उनके परिवारों को सुरक्षा तथा समय पर न्याय उपलब्ध कराना होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *