खूंटी

छठ पूजा को लेकर अलर्ट खूंटी पुलिस, एसपी ऋषभ गर्ग ने घाटों का किया निरीक्षण

Khunti News: राजा तालाब, चौधरी तालाब और साहू तालाब का लिया जायजा, सुरक्षा, ट्रैफिक, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई दुरुस्त करने का निर्देश

खूंटी: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर खूंटी जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में बुधवार को एसपी ऋषभ गर्ग ने वरीय पुलिस अधिकारियों और पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया।

तीन प्रमुख छठ घाटों की तैयारियों का लिया जायजा

एसपी ऋषभ गर्ग ने राजा तालाब, चौधरी तालाब और साहू तालाब सहित शहर के अन्य प्रमुख छठ घाटों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, रोशनी और साफ-सफाई की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

घाटों पर होगी बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती

एसपी ने कहा कि छठ के दौरान अर्घ्य देने के समय घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने और जरूरत के अनुसार गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने और नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने को कहा।

शांतिपूर्ण छठ आयोजन के लिए प्रशासन सतर्क

निरीक्षण के दौरान पुलिस बल के जवान और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए घाटों पर सुरक्षा से लेकर यातायात और बुनियादी सुविधाओं तक सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *