रांची

नहाय-खाय के साथ 13 नवंबर से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व, 16 को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य

Chhath Puja 2026: सूर्योपासना, श्रद्धा और लोकआस्था का महापर्व; 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

रांची: सूर्योपासना, श्रद्धा, तपस्या, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ इस महापर्व का समापन होगा। हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष सह श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने छठ पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महापर्व लोकआस्था, त्याग, तपस्या और भारतीय संस्कृति की अनुपम परंपरा का प्रतीक है।

13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू होगा पर्व

छठ महापर्व के पहले दिन 13 नवंबर को नहाय-खाय मनाया जाएगा। इस दिन व्रती सुबह स्नान कर घर की साफ-सफाई करते हैं और शुद्ध एवं सात्त्विक भोजन तैयार करते हैं। परंपरा के अनुसार कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का प्रसाद बनाया जाता है। व्रती सबसे पहले भोजन ग्रहण करते हैं, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसी दिन से घरों में पवित्रता और संयम के विशेष नियमों का पालन शुरू हो जाता है।

14 नवंबर को खरना, इसके बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

छठ महापर्व के दूसरे दिन 14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं। शाम को स्नान के बाद भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की जाती है। इसके बाद गुड़ की खीर, गेहूं की रोटी और अन्य सात्त्विक पकवानों का भोग लगाया जाता है। व्रती प्रसाद ग्रहण करने के बाद इसे परिवार और श्रद्धालुओं के बीच वितरित करते हैं। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है।

15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

महापर्व के तीसरे दिन 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन घरों में ठेकुआ, चावल के लड्डू और अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार किए जाते हैं। बांस के सूप और डलिया में नारियल, केला, गन्ना, सेब, संतरा सहित विभिन्न मौसमी फल सजाए जाते हैं।

शाम को व्रती परिवार के सदस्यों के साथ नदी, तालाब और छठ घाटों पर पहुंचते हैं। वहां जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया जाता है। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है। कई परिवारों में कोसी भरने की परंपरा भी निभाई जाती है।

16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन

छठ महापर्व के अंतिम दिन 16 नवंबर को व्रती सुबह छठ घाटों पर पहुंचकर उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, आरोग्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाएगी। सूर्यदेव की पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण करेंगे। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न होगा।

प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है छठ

संजय सर्राफ ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और जीवन के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का महापर्व है। भगवान सूर्य को प्रत्यक्ष देवता मानकर उनकी आराधना की जाती है। इस पर्व की विशेषता है कि इसमें अस्ताचलगामी और उदीयमान दोनों सूर्य को समान श्रद्धा के साथ अर्घ्य दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि लोकमान्यता के अनुसार छठी मैया की आराधना से परिवार में सुख-शांति, संतान की उन्नति और समृद्धि आती है। यह पर्व सामाजिक एकता, पारिवारिक सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। छठ महापर्व हमें जलस्रोतों को स्वच्छ रखने, पर्यावरण संरक्षण, शुद्धता, सेवा, संयम और समाज में भाईचारे की भावना बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *