पूर्वी सिहंभूमि

छठ व्रतियों के बीच 1100 सुप, फल और पूजन सामग्री का निःशुल्क वितरण करेगा बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ

14 नवंबर को मानगो में होगा वितरण, कूपन के माध्यम से दी जाएगी सामग्री

पूर्वी सिंहभूम, 11 नवंबर । लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ ने व्रतियों की सेवा के लिए विशेष पहल की है। संघ की ओर से महाखरना के दिन 1100 छठ व्रती परिवारों के बीच निःशुल्क सुप, फल और पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा। इसकी जानकारी संघ के सदस्य विकास सिंह ने बुधवार को दी।

विकास सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी संघ की ओर से छठ व्रतियों को पूजन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इस बार 1100 परिवारों की सेवा का लक्ष्य रखा गया है। वितरण को व्यवस्थित बनाने के लिए पहले से कूपन तैयार कर संबंधित परिवारों के बीच बांटे जाएंगे।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक परिवार को पर्याप्त मात्रा में फल, सुप और पूजन सामग्री दी जाएगी, जिससे कि छठ पूजा की तैयारियों में उन्हें सुविधा मिल सके। संघ का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पर्व के दौरान सहयोग देना और लोक आस्था के इस महापर्व में सेवा भावना को मजबूत करना है।

विकास सिंह ने बताया कि 14 नवंबर को सुबह 11 बजे मानगो के डिमना रोड स्थित हीरा होटल मैदान के सामने दुर्गा पूजा स्थान परिसर में वितरण कार्यक्रम शुरू होगा। यह दोपहर एक बजे तक चलेगा। उन्होंने छठ व्रतियों से निर्धारित समय पर पहुंचकर कूपन के माध्यम से पूजन सामग्री प्राप्त करने की अपील की।

कार्यक्रम की तैयारियों में विकास सिंह के साथ किशोर वर्मा, छोटेलाल सिंह, दुर्गा दत्ता, संदीप शर्मा, राम अवधेश चौबे, रामचंद्र प्रसाद, अजय लोहार, सीता देवी, सिद्धेश्वरी देवी, पायल कुमारी, विकास गुप्ता, सुशील शर्मा, मनोज राय और उपेंद्र प्रसाद सहित संघ के अन्य सदस्य सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *