माता-पिता का सम्मान और सेवा से बढ़कर कुछ नहीं : विधायक सुदीप गुड़िया
खूंटी के गोविंदपुर में अज़मत-ए-वालिदैन कॉन्फ्रेंस का आयोजन, विधायक ने दिया प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश
खूंटी: माता-पिता का सम्मान करना, उनकी सेवा और देखभाल करना हर व्यक्ति का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। माता-पिता से मिलने वाले संस्कार ही व्यक्ति के चरित्र निर्माण और बेहतर समाज की नींव रखते हैं। यह बातें तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने बुधवार को कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर में आयोजित अज़मत-ए-वालिदैन कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहीं।
जनाब इश्तियाक खान के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक सुदीप गुड़िया शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मुस्लिम समाज के गणमान्य लोगों और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। साथ ही समाज में आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने की अपील की।
माता-पिता के संस्कार से बनता है बेहतर समाज
विधायक ने कहा कि परिवार में बड़ों का सम्मान करना और नई पीढ़ी में अच्छे संस्कार विकसित करना बेहद जरूरी है। माता-पिता की सेवा केवल पारिवारिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण सामाजिक और नैतिक मूल्य भी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही माता-पिता और बुजुर्गों के प्रति सम्मान तथा जिम्मेदारी का भाव सिखाया जाना चाहिए।
सामाजिक एकता और भाईचारा हमारी सबसे बड़ी ताकत
सुदीप गुड़िया ने कहा कि खूंटी जिला और तोरपा विधानसभा क्षेत्र आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे की मिसाल हैं। यहां सभी धर्मों, जातियों और समुदायों के लोग आपसी सम्मान और सद्भाव के साथ रहते हैं। एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनना ही हमारी सामाजिक पहचान और सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि झारखंड की खूबसूरती उसकी सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समरसता में है। सभी धर्मों एवं समुदायों का सम्मान करते हुए आपसी विश्वास और सद्भाव बनाए रखना जरूरी है। ऐसे आयोजन न केवल पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में आपसी रिश्तों और भाईचारे को भी नई मजबूती प्रदान करते हैं।
विधायक ने इस सामाजिक परंपरा और आपसी सद्भाव को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सभी लोगों से निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, जमाल अख्तर, दिलबर शाही, जमाल अशरफ, हजरत मोहम्मद अहमद नक्शबंदी, हजरत मोहम्मद कलीम अशरफ सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
