रांची

पुरुषोत्तम मास पूर्णिमा पर श्री राधा कृष्ण मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

रांची। परम पूज्य डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम एवं श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग में पुरुषोत्तम मास पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा तथा पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

पर्व के अवसर पर ट्रस्ट की ओर से 268वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का भव्य आयोजन किया गया। पुरुषोत्तम मास पूर्णिमा के शुभ अवसर पर श्री राधा रानी का विशेष एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। दिव्य आभूषणों से सुसज्जित स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भगवान के मनोहारी विग्रहों की छटा ने उपस्थित भक्तों को भाव-विभोर कर दिया।

दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ महाप्रसाद का भोग अर्पित किया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। महाप्रसाद में मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, बोतलबंद आम रस, शीतल जल एवं आलू चिप्स शामिल थे। मंदिर परिसर में उपस्थित दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के भजन गायकों ने भगवान श्री श्याम एवं श्री राधा-कृष्ण की महिमा पर आधारित सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में डूब गया। ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्री कृष्ण’ के जयघोषों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।

भजन-संध्या के उपरांत सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया। शंखनाद और घंटियों की गूंज से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। श्रद्धालुओं ने परिवार, समाज और विश्व कल्याण की कामना करते हुए प्रभु से सुख, शांति एवं समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।

ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि पुरुषोत्तम मास पूर्णिमा के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और दिनभर में पांच हजार से अधिक भक्तों ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है, जिसमें प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।

इस अवसर पर डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, अरविंद अग्रवाल, विष्णु सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत, संजय सर्राफ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ट्रस्ट सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *