खेल

झारखंड में फेंसिंग के विकास को मिलेगी नई गति, जेएफए की वार्षिक आम सभा संपन्न

रांची। झारखंड फेंसिंग एसोसिएशन (जेएफए) की वार्षिक आम सभा (एजीएम) रविवार को धुर्वा स्थित जेएससीए परिसर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के चेयरमैन राजीव कुमार बित्तू ने की। इसमें राज्य के विभिन्न जिला फेंसिंग संघों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्चित आनंद, महासचिव जय कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष करमबीर उरांव समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट और आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

एजीएम में वर्ष 2026-27 के दौरान आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं और चैंपियनशिप की संभावित तिथियों एवं आयोजन स्थलों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा राज्य के उभरते खिलाड़ियों के लिए ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने तथा झारखंड में फेंसिंग खेल के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।

बैठक में कार्यकारिणी के विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के विषय पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष संजय मोहन ठाकुर, उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, आशुतोष, विजय मिरोदा, कुलवंत सिंह, दिनेश कुमार सिंह तथा संयुक्त सचिव राकेश कुमार मिश्रा, अनिल बाँसफोरे, अनुप राजेश लकड़ा एवं रामाशीष सिंह उपस्थित थे।

सभा में रामगढ़ जिला फेंसिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश कुमार, सचिव राकेश मिश्रा एवं उपाध्यक्ष विजय राय, हजारीबाग से अनुप राजेश लकड़ा तथा धनबाद से अनिल बाँसफोरे और विजय शंकर विश्वकर्मा सहित विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

अंत में महासचिव जय कुमार सिन्हा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में फेंसिंग खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी जिला संघों के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से झारखंड फेंसिंग के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *