टंडवा NTPC हादसे में तीन मजदूरों की मौत, परिजनों को 60 लाख और परिवार के एक सदस्य को नौकरी
टंडवा में निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर-2 का काउंटर वेट टूटकर गिरा, पांच मजदूर आए चपेट में; दो गंभीर घायलों को रांची रेफर किया गया, सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक
चतरा। झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी परियोजना में बुधवार को हुए भीषण हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर-2 में काउंटर वेट का वजन बढ़ाने के दौरान हुआ। अचानक काउंटर वेट टूटकर नीचे गिर गया और वहां काम कर रहे पांच मजदूर इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मृतकों के परिजनों को 60-60 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी।
मृतकों की पहचान टंडवा निवासी राजेन्द्र सोनी (52), हजारीबाग जिले के सिरसी निवासी बालेश्वर पासवान (42) और बिहार के जहानाबाद निवासी बबलू सिंह (40) के रूप में हुई है। घायलों में टंडवा के गोंदा निवासी तिलक गंझू और बिहार के औरंगाबाद निवासी रंजीत यादव शामिल हैं।
काउंटर वेट टूटकर गिरा, पांच मजदूर दबे
जानकारी के अनुसार, पाइप कन्वेयर-2 में काउंटर वेट का काम चल रहा था। दो मजदूर ऊपर चढ़कर काम कर रहे थे, जबकि तीन मजदूर नीचे काउंटर वेट में वजन बढ़ाने में जुटे थे। इसी दौरान अचानक काउंटर वेट टूटकर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में पांचों मजदूर आ गए। राजेन्द्र सोनी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि चार अन्य मजदूरों को तत्काल एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बालेश्वर पासवान और बबलू सिंह को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया।
एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग पर अड़े थे परिजन
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। घटना को लेकर लोगों में एनटीपीसी प्रबंधन के प्रति भारी आक्रोश था। परिजन प्रत्येक मृतक के आश्रित को एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर रहे थे।
बताया गया कि निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का काम मेसर्स सिम्फ्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड और मेसर्स थिसेनक्रुप कंपनी को सौंपा गया है। हादसे के बाद मृतकों के शव संजीवनी अस्पताल में रखे गए थे। इस दौरान मृतकों की संख्या को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी रही।
पत्रकारों को अस्पताल में जाने से रोका, मुख्य द्वार पर हंगामा
घटना की जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे पत्रकारों को सीआईएसएफ के जवानों ने अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद अस्पताल के मुख्य द्वार पर हंगामा शुरू हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर विधायक उज्ज्वल दास, पूर्व विधायक किशुन दास और जेएमएम जिलाध्यक्ष नीलेश ग्यासेन ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद पत्रकारों को अस्पताल में प्रवेश की अनुमति मिली। इस दौरान जेएमएम जिलाध्यक्ष मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए और पत्रकारों के समर्थन में नारेबाजी की।
50 लाख मुआवजा और बीमा के 10 लाख देने पर बनी सहमति
हादसे के बाद संजीवनी अस्पताल में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मृतकों के परिजनों और एनटीपीसी प्रबंधन के बीच घंटों वार्ता चली। जनप्रतिनिधियों ने प्रत्येक मृतक के आश्रित को एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी।
शुरुआत में प्रबंधन ने कंपनी की ओर से 18 लाख रुपये और बीमा के तहत 10 लाख रुपये देने का प्रस्ताव दिया। इस पर परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। इसके बाद आक्रोशित लोग शवों को लेकर एनटीपीसी के मुख्य द्वार को जाम करने के लिए निकल पड़े।
स्थिति बिगड़ती देख प्रबंधन ने प्रत्येक मृतक के आश्रित को 50 लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसके अलावा बीमा के तहत 10 लाख रुपये दिलाने और प्रत्येक मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी। इस तरह प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल 60 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
वार्ता में विधायक उज्ज्वल दास, पूर्व विधायक किशुन दास, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, जेएमएम जिलाध्यक्ष नीलेश ग्यासेन, जिला परिषद सदस्य सुभाष यादव, मजदूर यूनियन के बिनोद बिहारी पासवान, सुनील चौरसिया, गोविंद तिवारी, सुभाष दास, जागेश्वर दास, रवि गुप्ता और नितेश कुमार सहित कई लोग मौजूद थे। प्रशासन की ओर से एसडीओ प्रदीप कुमार, सीओ गौरव रॉय, बीडीओ देवलाल उरांव और थाना प्रभारी विपिन कुमार वार्ता में शामिल हुए।
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया दुख, घायलों के बेहतर इलाज का निर्देश
एनटीपीसी परियोजना में हुए हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे से प्रभावित लोगों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। जिला प्रशासन घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की कामना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
एनटीपीसी प्रबंधन ने जांच शुरू करने की कही बात
हादसे के बाद एनटीपीसी प्रबंधन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। प्रबंधन के अनुसार, निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर काम के दौरान मेसर्स सिम्फ्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड एवं मेसर्स थिसेनक्रुप के अंतर्गत कार्यरत तीन श्रमिकों की मौत हुई है, जबकि दो श्रमिक घायल हुए हैं।
प्रबंधन ने दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता एवं सहयोग का भरोसा दिया। घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू करने और आवश्यक कार्रवाई करने की बात भी कही गई है। प्रबंधन ने कहा है कि कार्यस्थल पर सभी कर्मियों की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
