एचईसी को बचाने के लिए एकजुट होंगे आठों श्रम संघ, मिलकर करेंगे संघर्ष : लीलाधर सिंह
कामगारों से उत्पादन कार्य बाधित नहीं करने की अपील, कहा- मशीनों की बिक्री से ही वेतन भुगतान का रास्ता होगा आसान
रांची। एचईसी के अस्तित्व और कामगारों की रोजी-रोटी बचाने के लिए सभी आठ श्रम संघ एकजुट होकर संघर्ष करेंगे। एचईसी का अस्तित्व कायम रहेगा, तभी यहां काम करने वाले कर्मचारियों की आजीविका भी सुरक्षित रह सकेगी। ये बातें राष्ट्रीय संगठन सचिव, इंटक सह हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने बुधवार को एचईसी मुख्यालय के समक्ष कामगारों को संबोधित करते हुए कहीं।
लीलाधर सिंह ने कामगारों से उत्पादन कार्य बाधित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एचईसी में मशीनों का उत्पादन और उनकी बिक्री जारी रहना बेहद जरूरी है। मशीनों की बिक्री से मिलने वाली राशि से ही कामगारों के वेतन भुगतान का रास्ता निकल सकता है। इसलिए सभी कर्मचारियों को उत्पादन प्रक्रिया जारी रखने में सहयोग करना चाहिए।
एचईसी को बेचने की कोशिश का विरोध
लीलाधर सिंह ने प्रशासक की ओर से बैंक में भेजे गए चेक को वापस लेने की कार्रवाई को गलत बताया। उन्होंने एनसीएलटी की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि हसन एंड हसन कंपनी के कुछ करोड़ रुपये के बकाये के लिए एचईसी को बेचने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आठों श्रम संघ इस प्रयास का पुरजोर विरोध करते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एचईसी की रक्षा और उसके अस्तित्व को बनाए रखने के लिए सभी श्रम संघ एक मंच पर आकर संघर्ष करेंगे। सभा की अध्यक्षता और संचालन राम कुमार नायक ने किया। मौके पर प्रकाश, रमाशंकर प्रसाद, आरके शाही, चिराग बारला और गिरीश कुमार चौहान सहित कई लोग मौजूद थे।
