पलामू

लेवी वसूली के लिए नेशनल हाईवे कंस्ट्रक्शन साइट पर फायरिंग की साजिश नाकाम, राहुल दुबे गैंग के चार अपराधी गिरफ्तार

मंगरदाहा घाटी में पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, दो देशी पिस्तौल, 12 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल बरामद; फायरिंग के लिए डेढ़ लाख रुपये देने की हुई थी बात

पलामू। नेशनल हाईवे की निर्माणाधीन साइट से लेवी वसूलने के लिए फायरिंग की योजना बना रहे राहुल दुबे गैंग के चार अपराधियों को चैनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मंगलवार देर रात मंगरदाहा घाटी से पकड़े गए आरोपितों के पास से दो देशी पिस्तौल, 12 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, मोहम्मद सैफ, शाहिद खलीफा और युसुफ अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बुधवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग अवैध हथियारों के साथ मंगरदाहा घाटी में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना के आधार पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने पुलिस बल के साथ मंगरदाहा घाटी स्थित कचड़ा डिपो के पास घेराबंदी की और चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

कंस्ट्रक्शन साइट से लेवी वसूलने की थी योजना

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित सतबरवा थाना क्षेत्र के लहलहे में नेशनल हाईवे की निर्माणाधीन साइट पर काम रुकवाने और लेवी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की योजना बना रहे थे। आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं और लेवी वसूली के इरादे से ही वहां जुटे थे।

फायरिंग के लिए डेढ़ लाख रुपये देने की बात

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सईद की राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य प्रकाश शुक्ला से बातचीत हुई थी। आरोप है कि प्रकाश शुक्ला ने ही निर्माण स्थल पर लेवी के लिए फायरिंग करने की योजना बनाई थी। इसके लिए डेढ़ लाख रुपये देने की बात भी कही गई थी। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *