रांची

आय से अधिक संपत्ति मामले में रिटायर्ड कार्यपालक अभियंता गिरफ्तार, एसीबी ने की कार्रवाई

जमशेदपुर एसीबी ने 2019 में दर्ज किया था मामला, जांच में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप सही पाया गया

रांची। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेवानिवृत्त कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र कुमार मंडल (69) को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ वर्ष 2019 में एसीबी के जमशेदपुर थाने में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच में उनके खिलाफ प्रत्यानुपातिक धनार्जन (डीए) का मामला सत्य पाए जाने के बाद 18 नवंबर को गिरफ्तारी की गई।

एसीबी मुख्यालय से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार, शैलेंद्र कुमार मंडल चक्रधरपुर (चाईबासा) स्थित जलपथ प्रमंडल में तत्कालीन कार्यपालक अभियंता के पद पर कार्यरत थे। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जमशेदपुर थाना कांड संख्या 07/2019 के तहत 12 जुलाई 2019 को मामला दर्ज किया गया था।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज था मामला

एसीबी ने आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम, 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(ई) तथा धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले की जांच के दौरान अधिकारियों ने शैलेंद्र कुमार मंडल के विरुद्ध आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच की।

जांच में प्रत्यानुपातिक धनार्जन का मामला सत्य पाए जाने के बाद एसीबी ने आगे की कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के मामलों में चल रही जांच और कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *