रांची

अब टोल फ्री नंबर पर दर्ज होंगी राशन कार्ड शिकायतें, 15 दिन में मिल रहा समाधान

Ranchi : राज्य में राशन वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने पब्लिक ग्रीवांस मैनेजमेंट सिस्टम (PGMS) शुरू किया है। अब लोग टोल फ्री नंबर पर कॉल करके राशन कार्ड से संबंधित किसी भी समस्या की शिकायत दर्ज करा सकते हैं और शिकायतों का समाधान लगभग 15 दिनों के भीतर किया जा रहा है।

नवंबर महीने में राज्यभर में मिली शिकायतों में से 92.29% मामलों का समाधान किया गया। रांची जिले में एक महीने में 765 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 754 का निपटारा कर दिया गया। यानी जिले की शिकायत निपटान दर 98.5% रही।

शिकायतें मुख्य रूप से राशन की चोरी, डीलर द्वारा कम राशन देना, नए सदस्यों को राशन नहीं मिलना जैसी समस्याओं से संबंधित थीं।

कहाँ करें शिकायत?

शिकायत दर्ज कराने के लिए लोग इन नंबरों पर कॉल कर सकते हैं

  • टोल फ्री नंबर: 1967
  • टोल फ्री नंबर: 18002125512
  • मोबाइल नंबर: 8969583111

कॉल करते समय राशन कार्ड नंबर, जिला, पंचायत, लाभुकों की संख्या, डीलर का नाम और समस्या की जानकारी देनी होगी। यदि पहले शिकायत की है तो उसकी स्थिति भी बतानी होगी।

राशन कार्ड में सुधार भी संभव

PGMS के माध्यम से नए सदस्य का नाम जोड़ने, किसी का नाम हटाने, राशन कार्ड रद्द कराने, नाम व जन्मतिथि में सुधार, पता बदलने या डीलर बदलने जैसी जानकारी भी दी जा सकती है। समस्या के समाधान के बाद विभाग फीडबैक भी लेता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *