रांची

झारखंड में बढ़ी ठिठुरन, रांची समेत कई जिलों में शीतलहर का असर

Ranchi : झारखंड में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। रांची सहित पूरे सूबे में ठंड अचानक तेज हो गई है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से रांची के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। दिनभर कड़ाके की ठंड और सुबह-शाम की कनकनी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के मुताबिक, उत्तर और उत्तर-पश्चिमी जिलों में ठिठुरन तेज होने से आसपास के इलाकों में भी तापमान लगातार गिर रहा है। लोग अलाव और गर्म पेयों का सहारा ले रहे हैं।

कई जिलों में शीतलहर का असर

राज्य का मौसम शुष्क है, लेकिन उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति पैदा कर दी है। सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में करीब 4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। सबसे अधिक अधिकतम तापमान डालटनगंज में लगभग 28.5 डिग्री रहा। रांची का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से ऊपर जबकि अधिकतम तापमान करीब 24.5 डिग्री रहा। पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार के साथ रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।

कांके में तापमान साढ़े 4 डिग्री से नीचे

रांची के कांके क्षेत्र में ठंड का असर सबसे अधिक दिख रहा है। यहां का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान करीब 21.5 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, औसतन 4.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया है।

अगले दो दिन तापमान में बदलाव नहीं

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 और 12 दिसंबर को न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। 13 से 15 दिसंबर के बीच इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। सुबह में कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *