Home

मतदाता सूची में कोई भी पात्र नागरिक न छूटे: मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह

महागामा (गोड्डा): झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने अधिकारियों, बीएलओ और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी संबंधित अधिकारी इस दिशा में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

एसआईआर अभियान की प्रगति की समीक्षा

सोमवार को महागामा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने एसआईआर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद सभी बीएलए सूची का गंभीरता से परीक्षण करें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम छूट जाए या किसी प्रकार की त्रुटि मिले, तो उसका समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

बूथ स्तर पर हुई अलग-अलग बैठकें

मंत्री ने मेहरमा प्रखंड के अमौर पंचायत सचिवालय में सीमानपुर, अमौर, लकड़मारा, डोय, धनकुड़िया और सुरनी पंचायतों के बीएलए के साथ बैठक की। इसके अलावा ठाकुरगंगटी प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में सभी पंचायतों के बीएलए तथा महागामा के ऊर्जा नगर में नगर पंचायत क्षेत्र के बीएलओ के साथ अलग-अलग बैठक कर अभियान की प्रगति, बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों और सामने आ रही चुनौतियों की समीक्षा की।

दस्तावेजी प्रक्रिया में सहयोग के निर्देश

दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि महागामा विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर अभियान संतोषजनक ढंग से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र मतदाताओं को जाति प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज बनवाने में हरसंभव सहयोग दिया जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर

मंत्री ने अभियान को पारदर्शी, निष्पक्ष और जिम्मेदारी के साथ संचालित करने का आह्वान किया। बैठक में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मी, बीएलओ, बीएलए और अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *