खेल

हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय महिला टीम नीदरलैंड रवाना, झारखंड की चार बेटियां करेंगी देश का प्रतिनिधित्व

सलीमा टेटे के हाथों में भारतीय टीम की कमान, निक्की प्रधान लगातार तीसरी बार खेलेंगी विश्व कप

रांची: 14 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक नीदरलैंड और बेल्जियम में आयोजित होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 में भाग लेने के लिए भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीम सोमवार को बेंगलुरु से नीदरलैंड के लिए रवाना हो गई। भारतीय महिला टीम में झारखंड की चार खिलाड़ियों सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग का चयन हुआ है। यह झारखंड के हॉकी इतिहास में पहला अवसर है, जब एक साथ चार महिला खिलाड़ी विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

सलीमा टेटे पहली झारखंडी कप्तान

भारतीय महिला हॉकी टीम की कमान झारखंड की स्टार मिडफील्डर सलीमा टेटे को सौंपी गई है। इसके साथ ही वह विश्व कप में भारतीय टीम की कप्तानी करने वाली झारखंड की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बन गई हैं।

निक्की प्रधान ने रचा नया इतिहास

झारखंड की अनुभवी खिलाड़ी निक्की प्रधान लगातार तीसरी बार हॉकी विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इससे पहले वह 2018 और 2022 के विश्व कप में भी भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। इस उपलब्धि के साथ वह झारखंड की पहली और एकमात्र महिला खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने लगातार तीन विश्व कप खेले हैं।

दो खिलाड़ियों का होगा विश्व कप डेब्यू

  • ब्यूटी डुंगडुंग पहली बार हॉकी विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
  • दीपिका सोरेंग भी पहली बार विश्व कप में भारतीय टीम की जर्सी पहनकर उतरेंगी।

हॉकी झारखंड ने दी शुभकामनाएं

हॉकी झारखंड की कोषाध्यक्ष एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी असरिता लकड़ा ने भारतीय टीम और झारखंड की चारों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्व कप जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में राज्य की चार खिलाड़ियों का चयन झारखंड हॉकी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसका श्रेय हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह के नेतृत्व और राज्य में खिलाड़ियों को मिल रहे बेहतर अवसरों को दिया।

वहीं, हॉकी इंडिया के महासचिव एवं हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह सहित संगठन के सभी पदाधिकारियों ने भारतीय महिला और पुरुष टीम को विश्व कप के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन और खिताब जीतने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *