श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में, डीसी-एसपी ने बुलेट से किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण

देवघर: विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 के शुभारंभ (29 जुलाई) से पहले जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सोमवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पूरे मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण की सबसे खास बात यह रही कि दोनों अधिकारी बुलेट बाइक पर सवार होकर मेला क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने होल्डिंग प्वाइंट, अस्थायी पुलिस ओपी, ट्रैफिक ओपी, पार्किंग स्थल, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, पेयजल व्यवस्था, विश्राम शेड, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और शौचालयों का निरीक्षण किया। जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं पर विशेष जोर
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को जलार्पण के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
सीसीटीवी, ड्रोन और अतिरिक्त राहत केंद्रों की रहेगी व्यवस्था
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, पैदल गश्त और अतिरिक्त राहत केंद्रों की व्यवस्था की जाएगी। उद्देश्य यह है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
29 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और सभी तैयारियों को समय रहते पूरा करने में जुटा हुआ है, ताकि बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
