झारखंड और वियतनाम के बीच व्यापारिक सहयोग को नया आयाम, हनोई में हुई द्विपक्षीय बैठक
रांची: झारखंड के उद्योग जगत के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के प्रतिनिधिमंडल ने हनोई में वियतनाम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (VCCI) के पदाधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य दोनों क्षेत्रों के बीच व्यापारिक संबंधों को सुदृढ़ करना और भविष्य में नई साझेदारियों का निर्माण करना रहा।
बैठक में वियतनाम चैम्बर की ओर से स्थानीय प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था। इस अवसर पर छोटे एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के बीच सहयोग को प्राथमिकता देते हुए विशेष प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में एक संयुक्त मंच की स्थापना की रूपरेखा भी तैयार की गई, जो भविष्य में वर्चुअल और फिजिकल इवेंट्स के जरिए व्यापार और निवेश को बढ़ावा देगा।
बैठक में टेक्सटाइल, कृषि, माइनिंग और सेवा क्षेत्र के उद्यमियों के साथ संभावित व्यापार अवसरों पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। दोनों पक्षों ने निवेश की संभावनाओं की पहचान और उद्योगों को मार्गदर्शन देने हेतु ठोस एजेंडा तैयार करने पर सहमति जताई।
एफजेसीसीआई अध्यक्ष परेश गट्टानी ने इस बैठक को झारखंड और वियतनाम के बीच औद्योगिक विकास के लिए एक मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि “यह पहल झारखंड के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराएगी और राज्य के औद्योगिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देगी।” उन्होंने यह भी आशा जताई कि इससे रोजगार के नए अवसर, तकनीकी सहयोग और वैश्विक व्यापारिक विस्तार को बल मिलेगा।
महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने आने वाले हफ्तों में दोनों चैम्बर्स के बीच नियमित वर्चुअल मीटिंग्स के आयोजन का प्रस्ताव रखा और झारखंड में वियतनामी प्रतिनिधिमंडलों को आमंत्रित करने की घोषणा की। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि निकट भविष्य में विशिष्ट क्षेत्रों में साझेदारी हेतु प्रारंभिक एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
इस बैठक में एफजेसीसीआई की ओर से अध्यक्ष परेश गट्टानी, महासचिव आदित्य मल्होत्रा, सह सचिव विकास विजयवर्गीय, नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य रोहित पोद्दार, शैलेष अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा, रंजीत गाडोदिया, निरंजन शर्मा, कमल सिंघानिया, अरुण भरतिया, मनोज मिश्रा, चंद्रप्रकाश ढेलिया, राजीव अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विकास मोदी, विशाल वधवानी, ग्यारसीलाल गोयल, सुभाष राजगढ़िया और सुमित कक्कड़ समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे। वियतनाम चैम्बर ऑफ कॉमर्स के वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य भी इस बैठक में शामिल रहे।
