Home

चाईबासा में कांग्रेस का भाजपा पर तीखा हमला, कहा— देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति

पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा): पश्चिम सिंहभूम जिला कांग्रेस ने गुरुवार को एक बैठक आयोजित कर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश इस समय अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति से गुजर रहा है और केंद्र सरकार संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने की और इसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

चंद्रशेखर दास ने कहा कि भाजपा आज जिस “संविधान हत्या दिवस” का नाटक कर रही है, उसका एकमात्र उद्देश्य अपनी विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा न तो आजादी की लड़ाई में शामिल हुई और न ही संविधान निर्माण में उसकी कोई भूमिका रही। आज वह आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ को हथियार बनाकर कांग्रेस पर हमला कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक अधिकार और संवैधानिक संस्थाएं लगातार खतरे में हैं

बैठक में जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने भी केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस की “संविधान बचाओ यात्रा” से घबराई हुई है और जनता को गुमराह करने के लिए बीते आपातकाल की यादें ताजा कर रही है। राय ने कहा कि आज देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, किसान और युवा परेशान हैं, लेकिन भाजपा के पास इन मुद्दों पर कोई समाधान नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि मणिपुर में जारी हिंसा को रोकने में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल रही है। राय के अनुसार, आर्थिक असमानता तेजी से बढ़ रही है और आम लोगों की आय में कोई वृद्धि नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में लोकतंत्र पर पांच गुना ज्यादा हमले हुए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि देश एक गंभीर लोकतांत्रिक संकट की ओर बढ़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने संसद की गरिमा को गिराने और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता पर हमला करने के लिए भी भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि आज CBI, ED जैसी संस्थाएं सरकार के दबाव में काम कर रही हैं और राजनीतिक विरोधियों को डराने-धमकाने का माध्यम बन गई हैं।

इस बैठक में जिला कांग्रेस के महासचिव लियोनार्ड बोदरा, नगर अध्यक्ष मोहम्मद सलीम, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, सकारी दोंगो, राम सिंह सावैयां, अशोक सुंडी, अशोक मुंडरी, गोपी बोदरा, सोमाय सुंडी, सुशील दास और मिल्टन सुंडी सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कांग्रेस नेताओं ने बैठक के अंत में यह संकल्प लिया कि वे संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे और आम जनता को सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जागरूक करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *