राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप: तीसरे दिन रोमांच चरम पर, खिलाड़ियों ने जीता दिल
रांची: एसोसिएशन एवं श्री अरविंदो योग सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में तथा योग फेडरेशन ऑफ इंडिया की देखरेख में आयोजित चार दिवसीय 50वीं गोल्डन जुबली सब जूनियर व जूनियर राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप के तीसरे दिन प्रतियोगिताएँ पूरे जोश, अनुशासन और तकनीकी उत्कृष्टता के साथ संपन्न हुईं। आयोजन स्थल रतनलाल जैन स्मृति भवन, रातू रोड में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्गों में प्रभावशाली योग प्रदर्शन प्रस्तुत किया।
तीसरे दिन सब जूनियर एवं जूनियर वर्ग की निर्णायक स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने आसन, प्राणायाम एवं योग क्रियाओं में उच्च स्तरीय संतुलन, लचीलापन और एकाग्रता का परिचय देते हुए दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता के दौरान तकनीकी अधिकारियों एवं निर्णायकों द्वारा योग की शुद्धता, संतुलन, स्थिरता और प्रस्तुति के आधार पर खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया गया।

इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देश के 27 राज्यों से 900 से अधिक खिलाड़ी तथा 200 से अधिक तकनीकी अधिकारी भाग ले रहे हैं। तीसरे दिन के सफल आयोजन में झारखंड योग संघ के पदाधिकारियों, तकनीकी टीम एवं स्वयंसेवकों की सराहनीय भूमिका रही।
इस अवसर पर झारखंड योग संघ के अध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज प्रसाद एवं महासचिव आदित्य कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएँ युवा वर्ग में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता निखारने एवं राष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान संरक्षक एस.एन. भट्ट, अमरेंद्र कुमार विकल, गणेश कुमार, सुशांत भट्ट, सुशीत बनर्जी, रजनी बक्शी, डॉ. रूपम कुमारी, अनु झा, वैशाली कर्मकार, सपन साह, पप्पू शुक्ला, प्रदीप कुमार डे सहित झारखंड योग संघ के सभी सदस्य एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
चैंपियनशिप के अंतिम दिन विभिन्न वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें खिलाड़ियों से और भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
