Home

50वीं गोल्डन जुबली सब जूनियर व जूनियर राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले



रांची : झारखंड योग एसोसिएशन एवं श्री अरविंदो योग सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में तथा योग फेडरेशन ऑफ इंडिया की देखरेख में आयोजित चार दिवसीय 50वीं गोल्डन जुबली सब जूनियर व जूनियर राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप के दूसरे दिन प्रतियोगिताएँ पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुईं। आयोजन स्थल रतनलाल जैन स्मृति भवन, रातू रोड में देशभर से आए खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्गों में उत्कृष्ट योग प्रदर्शन किया।

दूसरे दिन सब जूनियर एवं जूनियर वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने आसन, प्राणायाम एवं योग क्रियाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन कर दर्शकों और निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता के दौरान तकनीकी अधिकारियों एवं निर्णायकों द्वारा योग की शुद्धता, संतुलन और प्रस्तुति के आधार पर खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया गया।

चैंपियनशिप में देश के 27 राज्यों से 900 से अधिक खिलाड़ी तथा 200 से अधिक तकनीकी अधिकारी भाग ले रहे हैं। दूसरे दिन के मुकाबलों के सफल आयोजन में झारखंड योग संघ के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका रही।

इस अवसर पर झारखंड योग संघ के अध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज प्रसाद एवं महासचिव आदित्य कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएँ युवा वर्ग में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम के दौरान संरक्षक एस.एन. भट्ट, अमरेंद्र कुमार विकल, गणेश कुमार, सुशांत भट्ट, सुशीत बनर्जी, रजनी बक्शी, डॉ. रूपम कुमारी, अनु झा, वैशाली कर्मकार, सपन साह, पप्पू शुक्ला, प्रदीप कुमार डे सहित झारखंड योग संघ के सभी सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

चैंपियनशिप के आगामी दिनों में विभिन्न वर्गों के निर्णायक मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें खिलाड़ियों से और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *