झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र दिशोम गुरु के निधन के कारण अनिश्चित काल के लिए स्थगित
रांची, 5 अगस्त। झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र सोमवार को दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के शोक में अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया। सत्र की कार्यवाही शुरू होते ही विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत दुख और शोक का दिन है।
सदन की कार्यवाही की शुरुआत में स्पीकर ने शोक प्रस्ताव पढ़ते हुए कहा,
“शिबू सोरेन न केवल झारखंड के महान नेता थे, बल्कि एक दूरदर्शी मार्गदर्शक, झारखंड आंदोलन के पुरोधा, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान में राज्यसभा सांसद भी थे। उनका निधन सिर्फ झारखंड नहीं, पूरे भारत के लिए अपूरणीय क्षति है।”
उन्होंने आगे कहा कि दिशोम गुरु ने झारखंड के वंचित समाज को अंधकार से निकालकर हक-अधिकारों के प्रकाश की ओर अग्रसर किया। वे अन्याय के विरुद्ध मुखर आवाज थे, और राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उनका योगदान अमिट रहेगा।
स्पीकर के शोक संदेश के बाद सदन के सदस्य गहरे भावुक हो गए। पूरे सदन में “शिबू सोरेन अमर रहें” के नारे गूंज उठे। इसके तुरंत बाद विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई।
झारखंड सरकार ने भी दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे, और इस अवधि में कोई सरकारी समारोह आयोजित नहीं किए जाएंगे।
दिशोम गुरु के पार्थिव शरीर को सोमवार शाम रांची लाया जाएगा और अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव नेमरा (गोला) में किया जाएगा।
