गढ़वा टाउन से रांची के लिए जल्द चलेगी मेमू पैसेंजर ट्रेन
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मिले सांसद विष्णु दयाल राम, परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने का मिला आश्वासन
पलामू, 07 अगस्त : पलामू संसदीय क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित संसद भवन कार्यालय में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र की प्रमुख रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं में वृद्धि को लेकर विस्तार से चर्चा की और एक ज्ञापन भी सौंपा।
सांसद ने विशेष रूप से बरवाडीह-चिरमिरी-अंबिकापुर नई रेलवे लाइन परियोजना के शीघ्र कार्यान्वयन की मांग की। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति देगा। यह रेल लाइन पलामू, चतरा, लातेहार और छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए आवागमन को सरल बनाएगी।
गढ़वा टाउन से रांची तक सीधी ट्रेन की मांग
सांसद ने गढ़वा टाउन स्टेशन से राजधानी रांची के लिए प्रतिदिन एक नई मेमू पैसेंजर ट्रेन चलाने की पुरजोर मांग की। उन्होंने कहा कि गढ़वा जिला मुख्यालय स्थित होने के बावजूद गढ़वा टाउन से रांची तक सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है, जिससे यात्रियों को रोज़ाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने मौजूदा रांची-टोरी मेमू पैसेंजर ट्रेन (संख्या 68037/68038) को गढ़वा टाउन तक विस्तार देने या फिर गढ़वा टाउन से रांची तक एक नई ट्रेन चलाने का सुझाव दिया। प्रस्तावित मार्ग रांची-टोरी-लातेहार-बरवाडीह-डालटनगंज-गढ़वा रोड होकर गढ़वा टाउन तक होगा। इससे न केवल गढ़वा, पलामू, और लातेहार के यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि इन जिलों के आवागमन में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।
रेल मंत्री का आश्वासन
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद की मांगों को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि बरवाडीह-चिरमिरी-अंबिकापुर रेल परियोजना रेलवे का ड्रीम प्रोजेक्ट है और इसे शीघ्र पूरा किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने गढ़वा टाउन से रांची के लिए रांची-टोरी मेमू पैसेंजर के विस्तार या नई ट्रेन सेवा शुरू करने पर भी सहमति जताते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
