Home

झारखंड में 1 जुलाई से बंद होंगी शराब की दुकानें, 15 अगस्त के बाद ही सामान्य होगी आपूर्ति

रांची, 30 जून 2025: झारखंड में शराब उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार की नई व्यवस्था के तहत 1 जुलाई 2025 से पूरे झारखंड में किसी भी दुकान पर शराब की बिक्री अस्थायी रूप से बंद हो जाएगी। यह स्थिति तब तक बनी रहेगी, जब तक शराब दुकानों का हैंडओवर-टेकओवर प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती। अनुमान है कि यह प्रक्रिया 15 अगस्त के बाद ही पूरी तरह से सुचारू हो पाएगी।

राज्य में वर्तमान समय में कुल 1539 खुदरा शराब दुकानें संचालित हैं, जिन्हें अब अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा। दरअसल, राज्य सरकार की ओर से शराब आपूर्ति की जिम्मेदारी निभा रही प्लेसमेंट एजेंसियों का कार्यकाल 30 जून 2025 की रात 10 बजे समाप्त हो रहा है। इसके बाद से एजेंसियों द्वारा राज्यभर में शराब की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो जाएगी।

इस नई व्यवस्था के तहत सरकार अब शराब के वितरण और बिक्री के लिए नई एजेंसियों का चयन करेगी, जिसके तहत सभी दुकानों को दोबारा संचालित किया जाएगा। जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक शराब की सभी दुकानों को बंद रखा जाएगा। इस निर्णय से शराब उपभोक्ताओं को निश्चित रूप से असुविधा होगी, विशेषकर वे लोग जो नियमित रूप से शराब खरीदते हैं।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय शराब की बिक्री और वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और नियंत्रणीय बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। सरकार अब एक नई मॉडल के तहत खुदरा शराब वितरण प्रणाली को सशक्त और अनुशासित बनाने की दिशा में काम कर रही है।

हालांकि, अस्थायी रूप से दुकानों के बंद होने से शराब की कालाबाजारी और अवैध आपूर्ति की आशंका भी जताई जा रही है, जिसे रोकने के लिए सरकार विशेष निगरानी व्यवस्था लागू करेगी।

इस बदलाव के मद्देनज़र प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और अवैध शराब की खरीद-बिक्री से बचने की अपील की है। फिलहाल 15 अगस्त 2025 के बाद से ही स्थिति सामान्य होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *