Home

हेमंत सरकार जनहित में पूरी तरह समर्पित: ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह

रांची : झारखंड की महागठबंधन सरकार जनता के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और समाज के हर वर्ग को योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार काम कर रही है। यह बात सोमवार को राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया देते हुए कही।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार गरीबों, महिलाओं, किसानों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं महज राजनीतिक घोषणाएं नहीं हैं, बल्कि यह समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की ठोस पहल है।

उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना और सावित्रीबाई फुले छात्रवृत्ति योजना जैसे कल्याणकारी कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों तक प्रभावी रूप से पहुंच रहे हैं। इन योजनाओं ने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति को बेहतर किया है।

दीपिका पांडेय सिंह ने विशेष रूप से किसानों को दी जा रही सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कर्ज माफी और बिजली बिल में राहत जैसे निर्णय ऐतिहासिक हैं। इससे राज्य के किसानों को न केवल आर्थिक संबल मिला है बल्कि कृषि क्षेत्र में उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार “विकास और न्याय” के सिद्धांत पर काम कर रही है और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चल रही है। मंत्री ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में और भी जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की जाएंगी ताकि राज्य के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

इस दौरान मंत्री ने जनता से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ लें और झारखंड को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *