लोहरदगा

लोहरदगा में आकाशीय बिजली का कहर, दो महिलाओं की मौत, छह घायल

लोहरदगा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है। घटनाओं के बाद प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आपदा राहत के तहत मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

खेत में काम के दौरान महिला की मौत

कुड़ू थाना क्षेत्र के सलगी कोलपारा गांव में खेत में काम करने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से घुरती उरांव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनके पति कर्मा उरांव गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि सरस्वती देवी भी घायल हो गईं।

बकरी चराने गई महिला की गई जान

किस्को प्रखंड के बगड़ू थाना क्षेत्र के चरहु गांव में बकरी चराने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से हशीदा खातून की मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।

चार अन्य लोग भी झुलसे, मकान और जलमीनार क्षतिग्रस्त

किस्को थाना क्षेत्र के टिसिया नवाटोली में बारिश से बचने के लिए एक घर में रुके सोनमती देवी, नीतू कुमारी, महेंद्र मुंडा और सरस्वती देवी भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना में एक अल्बेस्टर मकान और सोलर जलमीनार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस जांच में जुटी, राहत प्रक्रिया शुरू

दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आपदा राहत के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *