रांची

भोगनाडीह में 30 जून को मनाएगी हूल दिवस, भाजपा ने बनाई नौ सदस्यीय आयोजन समिति

रांची। झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 30 जून को साहेबगंज जिले के ऐतिहासिक अमर शहीद स्थल भोगनाडीह में हूल दिवस का आयोजन करेगी। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू के निर्देश पर नौ सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया गया है।

नौ सदस्यीय समिति को सौंपी गई आयोजन की जिम्मेदारी

समिति में पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, अमर शहीद सिदो-कान्हो के वंशज मंडल मुर्मू, पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, वरिष्ठ नेता गणेश तिवारी, साहेबगंज जिला अध्यक्ष गौतम यादव, पाकुड़ जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री अनिता सोरेन तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश मंत्री अनिता मुर्मू को शामिल किया गया है। यह समिति आयोजन की सभी व्यवस्थाओं और कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी निभाएगी।

हूल क्रांति को बताया स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा

प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि 30 जून झारखंड के इतिहास की गौरवशाली तिथि है। वर्ष 1855 में अमर शहीद सिदो-कान्हो के नेतृत्व में अंग्रेजी शासन के खिलाफ हूल क्रांति का शंखनाद हुआ था, जिसने औपनिवेशिक सत्ता को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि चांद-भैरव तथा फूलो-झानो ने भी इस आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

नई पीढ़ी तक पहुंचेगा शहीदों का बलिदान

अमर कुमार बाउरी ने कहा कि भाजपा जनजातीय समाज के महानायकों और स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के योगदान का सम्मान करती है। हूल दिवस का आयोजन उनके बलिदान और संघर्ष की गौरवगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *