पूर्वी सिहंभूमि

चाईबासा में वज्रपात का कहर: घर के बरामदे में बैठी दो महिलाओं की मौत

चाईबासा, 26 जुलाई । पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के डेबरासाही गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय दशमाती हेंब्रम और 35 वर्षीय सुकुरमनी हेंब्रम के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर दोनों महिलाएं अपने घर के बरामदे में बैठकर बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद जोरदार आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों महिलाओं को तत्काल उपचार के लिए चंपुआ अनुमंडल अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, वज्रपात का प्रभाव इतना गंभीर था कि दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू दास पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और असुरक्षित जगहों पर रहने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *