डूरंड कप : रांची में हाई अलर्ट, स्टेडियम के बाहर 2,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
रांची, 26 जुलाई। एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें डूरंड कप-2026 के रांची चरण के उद्घाटन के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मोरहाबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम और उसके आसपास 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी संख्या में महिला पुलिस बल के साथ अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया है।
मैच से पहले स्टेडियम के सभी प्रवेश द्वारों पर दर्शकों की फ्रिस्किंग (तलाशी) और मेटल डिटेक्टर के माध्यम से अनिवार्य सुरक्षा जांच की जाएगी। पूरे स्टेडियम परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा आसपास के इलाकों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी। खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के होटल से स्टेडियम तक सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके लिए पुलिस बल, दंडाधिकारी और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की तैनाती की गई है।
रविवार को मोरहाबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम में प्रतिनियुक्त पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने अधिकारियों को सुरक्षा प्रबंधन और उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि डूरंड कप देश के सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंटों में से एक है और रांची को इसकी मेजबानी का अवसर मिला है। ऐसे में खिलाड़ियों, दर्शकों और बाहर से आने वाले आगंतुकों को सुरक्षित और बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्टेडियम परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वार, वीआईपी गैलरी, खिलाड़ियों के आवागमन मार्ग, पार्किंग स्थल और दर्शक दीर्घा में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। साथ ही भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि मैच के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता एवं अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक दर्शक की अनिवार्य सुरक्षा जांच होगी और किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को स्टेडियम परिसर में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
एसएसपी ने अधिकारियों को वीआईपी मूवमेंट, खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग नियंत्रण तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा। साथ ही संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देने और सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए।
