खूंटी

किसानों की आय बढ़ाने वाली गतिविधियों को बढ़ावा दें अधिकारी : उपायुक्त

खूंटी, 06 अक्टूबर। खूंटी समाहरणालय सभागार में मंगलवार को कृषि एवं संबद्ध विभागों तथा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी (जेएसएलपीएस) की संयुक्त समीक्षा बैठक हुई। उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, आपसी समन्वय और किसानों को मिल रहे सरकारी लाभों की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने कृषि, पशुपालन, मत्स्य, आत्मा, भूमि संरक्षण, सहकारिता, गव्य विकास और जेएसएलपीएस समेत संबंधित विभागों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और किसानों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य जरूरी है।

पारंपरिक खेती के साथ फूलों की खेती पर जोर

उपायुक्त ने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ सेमियालता, जरबेरा और विभिन्न फूलों की खेती जैसी लाभकारी गतिविधियों के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने फिश केज, तालाब बंदोबस्ती और विभिन्न प्रसंस्करण इकाइयों जैसी आयवर्धक गतिविधियों के लिए प्रस्ताव तैयार कराने का भी निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि कृषि आधारित गतिविधियों के साथ प्रसंस्करण इकाइयों को बढ़ावा देने से किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

एफपीओ और ग्राम संगठनों को सक्रिय करने का निर्देश

बैठक में किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और ग्राम संगठनों को सक्रिय करने पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने किसानों को समय पर बीज और खाद उपलब्ध कराने तथा सभी प्रखंडों में अधिक से अधिक लैम्प्स केंद्रों का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

भूमि संरक्षण विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान तालाबों के जीर्णोद्धार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, सहकारिता विभाग को 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदामों और लैम्प्स केंद्रों का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में विभिन्न विभागों की अन्य योजनाओं और कार्यों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मौके पर उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश सहित कृषि, आत्मा, भूमि संरक्षण, सहकारिता, मत्स्य, गव्य विकास, पशुपालन और जेएसएलपीएस के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *