देवघर में गैस कटर से SBI का ATM काटकर उखाड़ ले गए बदमाश, 500 मीटर तक घसीटा
देवघर, 06 अक्टूबर। देवघर के नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए गैस कटर से एसबीआई का पूरा एटीएम काटकर उखाड़ लिया और उसे रस्सी से बांधकर करीब 500 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गए। इसके बाद अपराधी एटीएम मशीन को कार में लादकर फरार हो गए। पूरी वारदात पास के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में करीब सात युवक घटना को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं।
शटर तोड़ा, गैस कटर से ATM किया अलग
घटना मंगलवार तड़के नंदन पहाड़ स्थित सेवाधाम के समीप हुई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, बदमाशों ने पहले एटीएम बूथ का शटर तोड़ा। इसके बाद गैस कटर की मदद से मशीन को उसके बेस से काटकर अलग कर दिया।
भारी मशीन को सीधे कार तक ले जाना संभव नहीं होने पर अपराधियों ने उसे रस्सी से बांधा और सड़क पर घसीटते हुए करीब 500 मीटर दूर एक सुनसान स्थान तक ले गए। वहां से मशीन को कार में लादकर फरार हो गए। घटनास्थल पर मशीन को घसीटे जाने के निशान भी मिले हैं।
सात बदमाश सीसीटीवी में कैद
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। एक घर के कैमरे में करीब सात युवक वारदात करते दिखाई दिए। सभी ने गमछे और टोपी से चेहरे ढक रखे थे।
एक अन्य फुटेज में पांच-छह बदमाशों को भारी एटीएम मशीन को कार में लादते देखा गया है। पुलिस अब शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के भागने के रास्ते और वाहन की पहचान की जा सके।
ATM का अलार्म बजने पर मिली जानकारी
एटीएम का अलार्म बजने के बाद एसबीआई के पटना स्थित कंट्रोलिंग कार्यालय को घटना की जानकारी मिली। बैंक की ओर से तत्काल देवघर पुलिस को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही नगर थाना की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल से तकनीकी और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज के अलावा अन्य तकनीकी माध्यमों की भी मदद ली जा रही है।
रात 10 बजे के बाद नहीं था गार्ड
जानकारी के अनुसार, एटीएम पर तैनात सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी रात करीब 10 बजे तक ही थी। इसके बाद वह शटर गिराकर चला जाता था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि अपराधियों ने सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद इसी कमी का फायदा उठाया या नहीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा गार्ड भी मौके पर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी।
ATM में कितनी नकदी थी, अभी स्पष्ट नहीं
एटीएम में घटना के समय कितनी नकदी मौजूद थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। बैंक अधिकारियों और एटीएम में नकदी डालने वाली एजेंसी से जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर मशीन में लाखों रुपये होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक राशि की पुष्टि बैंक की रिपोर्ट के बाद ही होगी।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के अनुसार, मामले में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। एसपी ने जल्द मामले का खुलासा किए जाने की बात कही है।
एटीएम मशीन को ही उखाड़कर ले जाने की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और एटीएम की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
