जामताड़ा

जामताड़ा में पेसा कानून लागू होने पर झामुमो ने निकाला विजय जुलूस

पेसा कानून

Jamtara : राज्य सरकार द्वारा पेसा कानून लागू किए जाने से खुश होकर जामताड़ा में शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला। मांदर की थाप पर नृत्य करती आदिवासी युवतियों के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और खुशी का इजहार किया।

यह विजय जुलूस जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू के नेतृत्व में निकाला गया, जिसमें युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए। जुलूस दुमका रोड स्थित पार्टी कार्यालय से शुरू होकर चंचला माता मंदिर चौक, मुख्य बाजार, सुभाष चौक और कोर्ट मोड़ होते हुए स्टेशन रोड के रास्ते वापस पार्टी कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुआ।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू और अन्य नेताओं ने कहा कि 29 साल बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में पेसा कानून लागू हुआ है, जिससे राज्य के आदिवासी और मूलवासी समाज में खुशी की लहर है। उन्होंने कहा कि इस कानून के लागू होने से स्थानीय लोगों को कई अधिकार मिलेंगे, जिसकी मांग लंबे समय से की जा रही थी।

नेताओं ने आरोप लगाया कि झारखंड गठन के बाद पूर्ववर्ती सरकारों ने इस कानून को लागू करने में रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने साबित कर दिया है कि वह राज्यहित और आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

विजय जुलूस के समापन पर पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को पेसा कानून की जानकारी दी गई और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *