रांची

धुर्वा से लापता दो मासूम भाई-बहन का अब तक नहीं मिला सुराग

भाई

दुकान से सामान लेने निकले थे अंश और अंशिका, पुलिस ने तेज किया खोज अभियान

रांची : रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत मौसीबाड़ी खटल इलाके से लापता हुए दो मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। दोनों बच्चों की सुरक्षित बरामदगी को लेकर परिजन बेहद चिंतित हैं, वहीं पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अंश और अंशिका घर से पास की दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए निकले थे। काफी देर तक जब दोनों वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की। स्थानीय लोगों की मदद से भी बच्चों की काफी तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया।

इसके बाद परिजनों ने धुर्वा थाना पहुंचकर दोनों बच्चों की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत खोज अभियान शुरू किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बच्चे जिस दुकान पर सामान लेने गए थे, वह बंद थी। इसके बाद दोनों आगे निकल गए और संभवतः रास्ता भटकने के कारण घर वापस नहीं लौट सके।

पुलिस ने बताया कि कुछ स्थानीय लोगों ने बच्चों को शहीद मैदान के आसपास रोते हुए देखा था, जिसके बाद उस क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। बच्चों की तलाश के लिए संभावित रास्तों, सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पूछताछ की जा रही है।

इसके साथ ही, दोनों बच्चों के फोटो जिले के अन्य थानों और संबंधित पुलिस इकाइयों को भेजे गए हैं, ताकि किसी भी स्थान पर उनके दिखने की सूचना तुरंत साझा की जा सके। पुलिस का कहना है कि बच्चों को जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को अंश और अंशिका के बारे में कोई जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी थाना या धुर्वा थाना पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *