Home

राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप के चौथे दिन झारखंड का शानदार प्रदर्शन, तीन कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया मान

रुद्रपुर (उत्तराखंड): उत्तराखंड साइकिलिंग एसोसिएशन एवं साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 77वीं सीनियर, 54वीं जूनियर एवं 40वीं सब जूनियर राष्ट्रीय स्तरीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप–2025 में झारखंड के साइकिल चालकों ने चौथे दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन कांस्य पदक अपने नाम किए।

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 19 से 23 नवंबर 2025 तक उत्तराखंड के रुद्रपुर शहर में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में झारखंड साइकिलिंग संघ के तत्वावधान में राज्य से कुल 28 राइडर भाग ले रहे हैं, जो विभिन्न वर्गों में राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

चैंपियनशिप के चौथे दिन बालक वर्ग में झारखंड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मैन एलीट वर्ग में अमीर रियाज ने 200 मीटर फ्लाइंग स्प्रिंट स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। वहीं मैन जूनियर वर्ग में नारायण महतो ने 200 मीटर फ्लाइंग स्प्रिंट स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। सब जूनियर वर्ग में पवन उरांव ने स्क्रैच रेस में कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।

राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने पर खिलाड़ियों एवं टीम को बधाइयों का तांता लगा। राजमहल लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद श्री विजय हसदा, पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, उपायुक्त देवघर नमन प्रियस लकड़ा, झारखंड साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष डॉ. मधुकांत पाठक, महासचिव शैलेंद्र पाठक, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह सहित संघ के उपाध्यक्ष अम्लान कुसुम सिन्हा, सुरेश कुमार, सुरजीत कुमार तथा अन्य पदाधिकारियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

इसके साथ ही प्रशिक्षक रामकुमार भट्ट, प्रशिक्षिका प्रोन्नति रानी, जितेंद्र महतो, टीम प्रबंधक रणवीर सिंह एवं सह-प्रबंधक ओम प्रकाश गुप्ता सहित पूरी टीम के योगदान की सराहना की गई। जिला संघों के अध्यक्षों, सचिवों एवं सदस्यों ने भी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके हौसले की प्रशंसा की।

झारखंड के साइकिल चालकों के इस प्रदर्शन से आने वाले दिनों में और बेहतर नतीजों की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *