खेलरांची

69वीं राष्ट्रीय स्कूली वेटलिफ्टिंग में झारखंड को तीन पदक


अंडर-19 वर्ग में दो रजत व एक कांस्य जीतकर बढ़ाया राज्य का मान

रांची।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने गए झारखंड के खिलाड़ियों ने 69वीं राष्ट्रीय स्कूली वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य को तीन पदक दिलाए। महाराष्ट्र के संभाजीनगर स्टेडियम स्थित क्रीड़ा संकुल में 6 से 9 जनवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड के अंडर-19 वेटलिफ्टर्स ने दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किए।

प्रतियोगिता के 60 किलोग्राम भार वर्ग में बाबूलाल हेंब्रम ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने स्नैच में 97 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 128 किग्रा वजन उठाकर कुल 225 किग्रा का प्रदर्शन किया। वहीं 65 किलोग्राम भार वर्ग में सूरज कुमार महतो ने रजत पदक हासिल किया। उन्होंने स्नैच में 108 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 142 किग्रा वजन उठाकर कुल 250 किग्रा वजन उठाया।
79 किलोग्राम भार वर्ग में रोहन कुमार ने रजत पदक जीता। उन्होंने स्नैच में 115 किग्रा तथा क्लीन एंड जर्क में 142 किग्रा वजन उठाकर कुल 257 किग्रा का शानदार प्रदर्शन किया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में कोच रंजीत मिश्रा और मैनेजर कुणाल दीप का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय मंच पर झारखंड के वेटलिफ्टर्स ने आत्मविश्वास और अनुशासन का उत्कृष्ट परिचय दिया है। यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत का परिणाम है।

झारखंड के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा सहित राज्य खेल कोषांग के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *